Top News

विधायक ने घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) कनेक्शन सुविधा का शुभारंभ किया

पूर्णिया शहर गुलाबबाग स्थित श्रीराम कॉलोनी एवं विधायक कॉलोनी में घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) कनेक्शन सुविधा का शुभारंभ विधायक विजय कुमार खेमका ने पीएनजी अधिकारियों के साथ पूरन देवी उरांव एवं कमल अग्रवाल के आवास पर किया। इस सुविधा के अंतर्गत अब रसोई घर तक सिलेंडर के बजाय सीधे पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने पीएनजी कनेक्शन स्थल पर सुरक्षा मानकों की भौतिक जांच गृहस्वामियों की उपस्थिति में अधिकारियों से कराई। विधायक ने पीएनजी मैनेजर रमन कुमार को सभी कनेक्शन स्थलों पर सुरक्षा संबंधी टोल फ्री एवं इमरजेंसी नंबर का स्टीकर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित किया जाए। साथ ही उन्होंने फायर सेफ्टी बाइक द्वारा वार्डों एवं कॉलोनियों में, जहां गैस पाइपलाइन से आपूर्ति हो रही है, मॉक ड्रिल एवं पाइपलाइन स्थलों का रिस्टोरेज कार्य कराने तथा एजेंसी के कर्मचारियों को प्रमाणित आईडी निर्गत करने का निर्देश दिया। विधायक ने कहा पूर्णिया नगर में वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की योजना अंतर्गत लगभग 45 हजार घरों तक पीएनजी कनेक्शन सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है, जिसमें करीब 30 हजार घरों में पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की महत्वाकांक्षी उज्ज्वला योजना का उद्देश्य हर गरीब एवं जरूरतमंद परिवार तक सुरक्षित, धुआं मुक्त एवं पर्यावरण संरक्षित स्वच्छ ईंधन पहुंचाना है। पूर्णिया में केंद्र की एनडीए सरकार द्वारा पीएनजी सुविधा उपलब्ध कराना “स्वस्थ परिवार, स्वच्छ रसोई और आत्मनिर्भर भारत” की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस अवसर पर इंडियन ऑयल के पीएनजी अधिकारी रवि कुमार ने बताया कि पाइप्ड नेचुरल गैस सिलेंडर आधारित एलपीजी की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक मानी जाती है, क्योंकि इसमें गैस समाप्त होने की समस्या नहीं रहती और 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति उपलब्ध होती है। उन्होंने कहा कि चरणबद्ध तरीके से पूर्णिया के सभी घरों तक पीएनजी गैस पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। कार्यक्रम में पीएनजी के अधिकारी,निर्माण एजेंसी, भाजपा नेता मंटू राय, पवन सहनी, मनोज श्रीवास्तव, महेंद्र पासवान, भरत पोद्दार, निर्मला देवी, रूपरेखा देवी, शशि शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post