गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को काढ़ागोला घाट श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना रहा। अहले सुबह से ही गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार देर रात से ही कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु सड़क एवं रेल मार्ग से काढ़ागोला घाट पहुंचने लगे। श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला दिनभर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर मां गंगा एवं सूर्य देव की पूजा-अर्चना की। इस दौरान परंपरा एवं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पाठा दान, भिक्षु दान, बच्चों का मुंडन तथा अन्य धार्मिक अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न किए गए। घाट परिसर पूरे दिन भक्ति और श्रद्धा के माहौल में डूबा रहा। इधर, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया । काढ़ागोला गंगा घाट जाने वाली गंगा-दर्जिलिंग सड़क पर फुलवड़िया एनएच-31 से घाट तक जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल लगातार मुस्तैद रहा। वहीं घाट पर सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण एवं श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर अंचल प्रशासन भी सक्रिय दिखा।घाट के व्यवस्थापक संजय कुमार यादव ने बताया कि गंगा दशहरा के अवसर पर करीब 50 हजार श्रद्धालुओं ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच गंगा स्नान कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
गंगा दशहरा पर काढ़ागोला घाट में उमड़ी आस्था की भीड़, 50 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी
Cityhalchal News
0
Post a Comment