कुरसेला थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग 31 स्थित समेली कबीर मठ चैती दुर्गा मंदिर के समीप रविवार की रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। मृतक की पहचान अखिलेश यादव (60 वर्ष), पिता रामदेव यादव, के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार सुबह एनएच-31 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ विरोध एवं मुआवजा की मांग किया।
जानकारी के अनुसार समेली कबीर मठ के आसपास दोनों ओर घनी आबादी बसी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था मुकम्मल नहीं की गई है। रविवार की रात अखिलेश यादव दूध डेयरी में दूध पहुंचाकर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान वे राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल अखिलेश यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समेली में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। कटिहार ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
सोमवार सुबह घटना से नाराज ग्रामीणों ने एनएच-31 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। जाम के दौरान ग्रामीण प्रभु यादव ने बताया कि अखिलेश यादव परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे और अपने पीछे दो बेटे, पोता-पोती सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। बाद में कुर्सेला पुलिस एवं पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया।
Post a Comment