पूर्णिया पूर्व प्रखंड के चांदी पंचायत स्थित सर्वोदय आश्रम के कृष्ण सदन भवन में राज सरकार के निर्देश पर मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया गया। जिसमें प्रखंड स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे ।जनहित से जुड़े सभी विभागों के 22 टेबल लगाए गए थे। सभी विभाग मिलाकर कुल 276 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें 271 आवेदन का निष्पादन कर दिया गया है। सबसे कम आवेदन पंचायती राज विभाग के थे जो नल जल एवं ग्रामीण गली नाली से संबंधित मात्र दो आवेदन थे।सबसे ज्यादा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के 56 आवेदन थे।वहीं लघु जल संसाधन विभाग बिहार सरकार के सचिव, बी कार्तिकेय धनजी जो पूर्णिया जिला के प्रभारी सचिव बनाए गए हैं, के द्वारा बारीकी से सभी विभागों के टेबल पर जाकर निरीक्षण किया गया एवं आवेदन के निष्पादन का जांच भी किया गया। बता दें की मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल पर आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य तय समय-सीमा के अंदरआम लोगों की समस्याओं और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदनों का त्वरित निष्पादन करना है। सहयोग शिविर में आए सदर विधायक विजय खेमका ने लोगों को संबोधित करते हुए बताया कि सहयोग शिविर से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए लोग सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक हेल्पलाइन नंबर 1100 पर फोन कर सकते हैं। सरकार की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार जन शिकायत संबंधी आवेदन देने की प्रक्रिया 30 दिन पहले से ही शुरू हो जाएगी। शिविर के दिन भी आवेदन दिया जा सकेगा। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार संबंधित विभाग को जन शिकायत का निपटारा 30 दिन के अंदर करना होगा। अगर किसी कारण से विलंब होता है तो फरियादी के शिविर में पहुंचने पर इसकी लिखित सूचना देनी होगी। लोगों से प्राप्त होने वाले आवेदनों का रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम से मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर पर निगरानी की जाएगी। इसके लिए सहयोग पोर्टल का सहारा लिया जाएगा। इस निगरानी के दौरान लोगों की समस्या समाधान में अनियमितता बरतने वाले पदाधिकारी और कर्माचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान सरकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को दी गई तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
मौके पर पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे। शिविर के सफल आयोजन को लेकर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की और इसे जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
Post a Comment