बैसा प्रखंड में आम लोगों की समस्याओं को पंचायत स्तर पर ही दूर करने के लिए मंगलवार को सहयोग शिविर लगाया गया। रौटा पंचायत स्थित पंचायत भवन में आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, बिजली समस्या, जमीन विवाद समेत कई मामलों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के सामने रखीं। सामान्य प्रशासन विभाग और जिलाधिकारी पूर्णिया के निर्देश पर हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रौटा पंचायत में शिविर लगाया गया। शिविर की निगरानी बीडीओ राजकुमार चौधरी कर रहे थे, जबकि सीओ गोपाल कुमार भी मौजूद रहे। शिविर के दौरान वृद्धा पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र समेत कई योजनाओं से जुड़े आवेदन लिए गए। शिविर में लगभग 50 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकतर भूमि संबंधित विवाद, राशन कार्ड एवं बिजली समस्या से जुड़े मामले थे। इनमें से अधिकतर मामलों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया। पंदरपुर वार्ड संख्या-10 निवासी अजमेरुन निशा ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए प्रयास कर रही थीं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा था। शिविर में आवेदन देने के बाद अधिकारियों ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और प्रक्रिया शुरू कराई। वहीं रौटा गांव वार्ड संख्या-4 निवासी मसोमात बानो ने बताया कि ठनका गिरने से उनका बिजली मीटर जल गया था। लेकिन सहयोग शिविर में आवेदन देने के बाद बिजली विभाग द्वारा उन्हें तत्काल नया मीटर उपलब्ध करा दिया गया। शिविर में अशिक्षित लोगों को आवेदन लिखने में परेशानी न हो, इसके लिए बीडीओ राजकुमार चौधरी की ओर से विशेष व्यवस्था की गई थी। कर्मियों की सहायता से ग्रामीणों के आवेदन लिखवाए गए, जिससे लोगों को काफी सहूलियत मिली। शिविर में मुखिया प्रतिनिधि अतीकुर्रहमान, उप मुखिया मंजर आलम, पीओ श्रवण कुमार, आरओ चन्द्र प्रकाश सिंह, बीएओ चन्द्र भानु प्रकाश, बिजली विभाग के कनीय अभियंता सुनीत कुमार, पीएचईडी जेई कोमल कुमारी एवं एटीएम शशी भूषण सहित कई अधिकारी मौजूद थे। ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
पंचायत स्तर पर लगा सहयोग शिविर, राशन कार्ड, पेंशन व बिजली समस्या का हुआ समाधान
Cityhalchal News
0
Post a Comment