रौतारा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कांड संख्या 80/26 में दर्ज मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और लगातार छापेमारी अभियान चलाकर अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं मामले के मुख्य आरोपी निरंजन कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 7 अप्रैल 2026 को बीएनएस की धारा 137(2)/96 के तहत मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी। मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसी क्रम में युवती को सुरक्षित बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामदगी के बाद पीड़िता का मेडिकल परीक्षण और बयान की प्रक्रिया पूरी की गई है। वहीं आरोपी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आई हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच जारी है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया। लोगों ने रौतारा पुलिस की सक्रियता और तत्परता की सराहना की है।
Post a Comment