Top News

ठाकुरगंज अंचल कार्यालय में जनता दरबार आयोजित, 23 मामलों में 12 का ऑन द स्पॉट निष्पादन

आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर शनिवार को ठाकुरगंज अंचल कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस जनता दरबार में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे, जहां कई मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, अतिक्रमण तथा राजस्व संबंधी विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई। अंचल अधिकारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि कुल 23 मामलों को जनता दरबार में प्रस्तुत किया गया, जिनमें से 12 मामलों का त्वरित निष्पादन करते हुए ऑन द स्पॉट समाधान किया गया।
वहीं शेष 11 मामलों में द्वितीय पक्ष की अनुपस्थिति के कारण सुनवाई पूरी नहीं हो सकी। ऐसे मामलों में अगली तिथि निर्धारित कर संबंधित पक्षों को उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है, ताकि मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
सीओ मृत्युंजय कुमार ने कहा कि जनता दरबार का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने मामलों से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ जनता दरबार में उपस्थित हों, ताकि मामलों का त्वरित निष्पादन संभव हो सके।
जनता दरबार के दौरान राजस्व अधिकारी राहुल कुमार, संबंधित हल्का के राजस्व कर्मचारी, अंचल कार्यालय के कर्मी एवं संबंधित थाना क्षेत्र के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post