पूर्णिया जिले में आगामी 19 मई को आयोजित होने वाले “सहयोग शिविर” की सफलता सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने बुधवार को बैसा प्रखंड अंतर्गत रौटा पंचायत भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर स्थल पर उपलब्ध भौतिक व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं एवं संसाधनों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि शिविर के आयोजन के लिए चयनित स्थल पूरी तरह तैयार रहें तथा आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला पदाधिकारी ने पंचायत भवन परिसर, पेयजल व्यवस्था, बिजली, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई एवं शिकायत निवारण काउंटर की तैयारियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि “सहयोग शिविर” के माध्यम से आम लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान डीएम ने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निष्पादन शिविर से पूर्व हर हाल में कर लिया जाए, ताकि शिविर के दिन अधिकतम मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान संभव हो सके। साथ ही उन्होंने निष्पादित एवं लंबित आवेदनों की सूची सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया, जिससे कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और आमजन को वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके। डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिविर में आने वाले लोगों को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े, इसके लिए सभी विभागों के काउंटर व्यवस्थित तरीके से लगाए जाएं तथा कर्मियों की पर्याप्त प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाए। मौके पर उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार, बायसी अनुमंडल पदाधिकारी अभिषेक रंजन, बैसा प्रखंड विकास पदाधिकारी राजकुमार चौधरी, अंचलाधिकारी गोपाल कुमार, रौटा थानाध्यक्ष कुमार कुणाल सौरव, मुखिया प्रतिनिधि अतिकुर रहमान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
19 मई को आयोजित सहयोग शिविर की तैयारी तेज, डीएम ने रौटा पंचायत भवन का किया निरीक्षण
Cityhalchal News
0
Post a Comment