पूर्णियां। भवानीपुर प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को पैक्स चुनाव को लेकर अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रखंड कार्यालय परिसर में काफी चहल-पहल देखी गई और विभिन्न पदों के लिए उम्मीदवारों ने उत्साहपूर्वक अपना पर्चा भरा। प्रशासन द्वारा पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई, जिससे चुनाव को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।
इसी क्रम में शहीदगंज पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए मात्र एक नामांकन दर्ज होने के कारण तबरेज आलम निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं। वहीं इसी पैक्स के सभी सदस्य भी निर्विरोध चुने गए हैं। निर्वाची पदाधिकारी सह भवानीपुर बीडीओ मनोज कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी निर्वाचित अभ्यर्थियों को 20 तारीख को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।
दूसरी ओर भवानीपुर पश्चिम पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए चार नामांकन दाखिल किए गए हैं, जबकि भवानीपुर पूर्व पैक्स से अध्यक्ष पद के लिए दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन पत्र जमा किया है। इन दोनों पैक्स में 20 तारीख को चुनाव कराया जाएगा।
नामांकन के अंतिम दिन गुरुवार को कुल 40 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। पूरी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और समर्थकों में भी खासा उत्साह देखा गया। तबरेज आलम के निर्विरोध जीत की खबर मिलते ही उनके समर्थकों ने प्रखंड मुख्यालय परिसर में अबीर-गुलाल लगाकर जश्न मनाया। इस मौके पर प्रखंड प्रमुख के पति बिट्टू यादव, पूर्व प्रखंड प्रमुख जमील अहमद, राजद प्रखंड अध्यक्ष डॉ. जमशेद आलम, शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार करीम, मो. सदन उर्फ छोटू, मो. चांद सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
Post a Comment