पूर्णियां। भवानीपुर नगर पंचायत क्षेत्र के सिंघियान वार्ड संख्या 15 में बीते रात्रि करीब 11:40 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस अग्निकांड में नीलम देवी (पति–दिलीप सिंह) के घर के साथ-साथ उनके भाई के घर, रंजन देवी (पति–श्रवण सिंह) के घर में भी आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। घटना में घर में रखे नगद, खाने-पीने का सामान, कपड़े, फर्नीचर समेत बकरी और उसके बच्चे जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही नगर पंचायत भवानीपुर के उपमुख्य पार्षद पति सह समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच मंटू यादव, वार्ड पार्षद सह युवा समाजसेवी प्रभाष कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पीड़ितों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। पीड़ित परिवार ने संबंधित अधिकारियों को आवेदन देकर शीघ्र मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं रुपौली विधानसभा क्षेत्र के विधायक कलाधर प्रसाद मंडल को भी घटना की जानकारी दी गई, जिन्होंने हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।
Post a Comment