Top News

भारत-नेपाल सीमा पर अपराध नियंत्रण को लेकर संयुक्त रणनीति पर सहमति

भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और बेहतर समन्वय को मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारत-नेपाल सीमा जिला समन्वय समिति  (बीडीसीसी ) की एक महत्वपूर्ण बैठक आईसीपी जोगबनी में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी अररिया श्री विनोद दहन ने की।
बैठक में नेपाल के मोरंग और सुनसरी जिलों के मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ), पुलिस एवं सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं भारतीय पक्ष से पुलिस अधीक्षक अररिया श्री जितेन्द्र कुमार, एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान सीमा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने अवैध हथियार, गोला-बारूद, नशीले पदार्थ, शराब, पशु एवं उर्वरक की तस्करी पर सख्त निगरानी और संयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही अपराधियों के सीमा पार आवागमन को रोकने के लिए समन्वित प्रयासों को और मजबूत बनाने पर सहमति बनी।
जिलाधिकारी ने सीमावर्ती क्षेत्रों में उग्रवाद, आतंकवाद, तस्करी, धार्मिक कट्टरवाद एवं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण जैसी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए इनसे निपटने के लिए संयुक्त रूप से प्रभावी कार्रवाई पर बल दिया। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की बैठकें नियमित अंतराल पर आयोजित की जाएंगी, ताकि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और बेहतर हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post