Top News

बीच सड़क पर सूख रहा मक्का हादसों को दे रहा न्योता

कटिहार जिले के कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र में इन दिनों किसानों द्वारा सड़कों पर मक्का सुखाने की बढ़ती प्रवृत्ति लोगों की जान पर भारी पड़ती नजर आ रही है। प्रखंड के भटवारा ,खेरिया, फुलवरिया, मखदमपुर समेत विभिन्न गांवों और मुख्य सड़कों पर बीच रास्ते मक्का फैलाकर सुखाया जा रहा है,वही नहीं सुखने की स्थिति में किसानों के द्वारा मक्का का ढेर सड़क पर ही जमा कर दिया जाता है। जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बढ़ रही है।

ग्रामीण इलाकों में पक्की और कच्ची दोनों तरह की सड़कों पर मक्का बिछा देने से वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगानी पड़ती है। कई स्थानों पर सड़क इतनी संकरी है कि मक्का सुखाने के कारण वाहनों के गुजरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। खासकर रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है, जब अंधेरे में सड़क पर फैला मक्का दिखाई नहीं देता और दुर्घटना की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल मक्का की फसल कटने के बाद यही स्थिति बनती है, लेकिन इस ओर न तो प्रशासन का ध्यान जाता है और न ही कोई ठोस कदम उठाया जाता है। कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं, वहीं छोटे-बड़े हादसे आम बात हो गई है।

क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने बताया की सड़क पर मक्का सुखाने से न केवल दुर्घटनाएं बढ़ती हैं, बल्कि सड़क की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है। मक्का के दानों के दबाव और वाहनों के आवागमन से सड़क की ऊपरी परत जल्दी खराब हो जाती है।
ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पर तत्काल रोक लगाई जाए और किसानों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि वे सुरक्षित स्थानों पर अपनी उपज सुखा सकें। साथ ही, सड़क पर मक्का सुखाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग उठ रही है।

प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि इस समस्या को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया जाएगा। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post