Top News

पूर्णिया सिविल कोर्ट को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी

पूर्णिया में एक बार फिर पूर्णिया सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार को कोर्ट प्रशासन के आधिकारिक ईमेल पर आए धमकी भरे संदेश के बाद पूरे कचहरी परिसर को तत्काल खाली करा दिया गया। धमकी की सूचना मिलते ही एसपी स्वीटी सहरावत और सदर एसडीपीओ वन ज्योति शंकर के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। एहतियातन नगर निगम गेट से आवागमन पूरी तरह रोक दिया गया और कोर्ट परिसर की ओर जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया।
निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम ने मेटल डिटेक्टर की मदद से कोर्ट के मुख्य भवन, रिकॉर्ड रूम, मालखाना, पार्किंग एरिया सहित सभी प्रवेश द्वारों की घंटों तक सघन तलाशी ली। चप्पे-चप्पे की जांच के बावजूद पुलिस को अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
बताया जा रहा है कि करीब दो महीने बाद एक बार फिर ईमेल के जरिए इस तरह की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और ईमेल भेजने वाले की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post