जिले के डगरूआ थाना क्षेत्र के मकेली पंचायत के मैकेली पुल के नीचे एक अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और उसके बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से शरीर पर तेजाब डालकर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को पुल के नीचे फेंक दिया गया।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब एक स्थानीय व्यक्ति खेत में घास काटने गया था। इसी दौरान उसकी नजर शव पर पड़ी। खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डगरूआ थाना क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन पर अपराध नियंत्रण में नाकामी का आरोप लगाया है और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है। सूचना मिलते ही डगरूआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पहचान कराने की कोशिश कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Post a Comment