मुरलीगंज प्रखंड क्षेत्र में राष्ट्रीय जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का काम शुरू कर दिया गया है। प्रखंड की 17 पंचायतों और नगर पंचायत क्षेत्र में पर्यवेक्षकों, फील्ड ट्रेनरों और प्रगणकों की टीम ने धरातल पर उतरकर डेटा संग्रह का व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान रघुनाथपुर पंचायत के पर्यवेक्षक पप्पू कुमार राम ने बुधवार को अपनी टीम के साथ क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने प्रगणक शाकिब रहमानी, दीपक जिंदल, तेज नारायण कुमार, सुशील कुमार और सुप्रिया यादव को कार्यशैली की बारीकियों से अवगत कराया। इस चरण में मुख्य रूप से सभी वार्डों में स्थित भवनों की गणना की जा रही है और प्रत्येक भवन को एक विशिष्ट पहचान संख्या (यूनिट नंबर) आवंटित की जा रही है। हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया के तहत प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों की संख्या और मुखिया के नाम के पंजीकरण के साथ-साथ मकान की प्रकृति (कच्चा/पक्का) और उसके उपयोग (आवासीय/अनावासीय) का विवरण दर्ज कर रहे हैं। अभियान का एक मुख्य उद्देश्य आवासों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं जैसे:
स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता,
बिजली कनेक्शन की स्थिति,
शौचालय की सुविधा,
इनका सटीक डेटा जुटाना है ताकि भविष्य की सरकारी योजनाओं हेतु एक ठोस आधार तैयार किया जा सके। तकनीकी मार्गदर्शन देते हुए पर्यवेक्षक पप्पू कुमार राम ने आम जनता से इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग की अपील की। उन्होंने जानकारी दी कि जो नागरिक स्वयं अपनी जानकारी दर्ज करना चाहते हैं, वे मोबाइल के माध्यम से 'स्व-गणना' विकल्प का उपयोग कर ऑनलाइन भी विवरण दर्ज कर सकते हैं।
Post a Comment