Top News

मुरलीगंज थाना का एसपी ने किया निरीक्षण, कांडों की समीक्षा कर दिए कई निर्देश

मुरलीगंज थाना का बुधवार को एसपी संदीप सिंह ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में दर्ज विभिन्न कांडों की स्थिति, अनुसंधान की प्रगति, लंबित मामलों, पंजी संधारण तथा प्रशासनिक कार्यों का गहन अवलोकन किया। एसपी ने थाना के अभिलेखों, अपराध पंजी, लंबित कांडों एवं गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों से एक-एक मामले की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गंभीर प्रवृत्ति के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबित कांडों के निष्पादन में तेजी लाने और अनुसंधान की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने कहा कि थाना क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को और मजबूत करना प्राथमिकता है। नए थाना प्रभारी को क्षेत्र में पुलिसिंग सुधारने, अपराध नियंत्रण, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने के लिए कई लक्ष्य दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सूखा नशा, शराब, मादक पदार्थों और नशे से जुड़े अवैध कारोबार पर प्रशासन की विशेष नजर है। ऐसे कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए भी पुलिस लगातार अभियान चलाएगी। एसपी ने थाना क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, असामाजिक तत्वों तथा कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित निष्पादन हो और थाना आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए। निरीक्षण को लेकर थाना परिसर में पूरे दिन प्रशासनिक गतिविधियां तेज रहीं। पुलिस अधीक्षक के दौरे से पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post