रंगों के त्योहार होली को सौहार्दपूर्ण और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रविवार को कोढ़ा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष सुजित कुमार ने की, जबकि संचालन नगर पंचायत के मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने किया।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, पंचायत जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोग उपस्थित रहे। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली आपसी भाईचारे और उल्लास का पर्व है, इसे सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने शराबमुक्त और हुड़दंग रहित होली मनाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नशे और उपद्रव से जुड़ी किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने डीजे पर अश्लील गीत बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध की बात कही और कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी और पुलिस गश्ती बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया और क्षेत्रवासियों से शांति एवं सद्भाव के साथ होली मनाने की अपील की।
Post a Comment