पूर्णिया जिले के बायसी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरिनतोड़ पंचायत के हरिनतोड़ वार्ड संख्या-5 में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नदी में डूबने से दो सगी बहनों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहम्मद फिरोज की पुत्री मुशर्रफ (13 वर्ष) और जोया (11 वर्ष) दोपहर में स्नान करने के लिए परमान नदी गई थीं। इसी दौरान एक बहन नदी में डूबने लगी। बहन को डूबता देख दूसरी बहन उसे बचाने के लिए नदी में कूद गई, लेकिन तेज पानी और गहराई के कारण दोनों बहनें नदी में डूब गईं।
घटना की खबर गांव में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद नदी किनारे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने तुरंत बायसी थाना एवं अंचल प्रशासन को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार तांती ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसडीआरएफ की दो टीमों को मौके पर भेजा। एसडीआरएफ की टीमों ने नाव के सहारे शाम तक लगातार शव की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
अधिकारी ने बताया कि रात होने के कारण खोज अभियान रोक दिया गया है और रविवार सुबह फिर से दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की जाएगी। इधर, दोनों बेटियों की मौत की खबर से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक बच्चियों के पिता मोहम्मद फिरोज मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में अब केवल एक छोटा बेटा नौरेज ही बचा है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Post a Comment