Top News

जय श्री राम के नारों से गुंजा भवानीपुर, भक्ति में सराबोर दिखे रामभक्त


भवानीपुर/बमबम यादव
रामनवमी के पावन अवसर पर भवानीपुर प्रखंड में भव्य शोभायात्रा सह झांकी का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा बलदेव उच्च विद्यालय के क्रीड़ा मैदान से प्रारंभ होकर अस्पताल रोड होते हुए भवन देवी मंदिर पहुंची। इसके बाद झांकी दुर्गापुर चौक, मुख्य बाजार, बजरंगबली चौक होते हुए तेलियारी मोड़ तक गई। तेलियारी मोड़ से भवन देवी मंदिर स्थित सरोवर तालाब में भगवान श्रीराम की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया, जिसके पश्चात यात्रा पुनः क्रीड़ा मैदान पहुंचकर संपन्न हुई।
शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। झांकी में भगवान शंकर-पार्वती, श्रीकृष्ण-राधा, मां काली, मां लक्ष्मी, सीता-राम एवं हनुमान के जीवंत स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहे। कई श्रद्धालु बग्गी पर सवार होकर भगवान राम और माता सीता के रूप में शामिल हुए।
पूरे मार्ग में श्रद्धालु जय श्री राम के जयकारों के साथ भक्ति में लीन नजर आए। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पैदल यात्रा में भाग लिया, वहीं मोटरसाइकिल, घोड़ा और चार पहिया वाहनों की भी बड़ी संख्या शामिल रही। बाजार क्षेत्र में स्थानीय दुकानदारों द्वारा शरबत और फलों की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की गई।
शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। इस दौरान भवानीपुर प्रखंड पदाधिकारी मनोज कुमार, थाना अध्यक्ष राज कुमार चौधरी, पूर्व प्रमुख दीपक कुमार सुमन, मुख्य पार्षद सावन कुमार, पूर्व सरपंच मंटू यादव, उप मुख्य पार्षद शांति देवी, श्री राम सेवा संघ के अध्यक्ष आलोक कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post