Top News

भक्ति में डूबा बावनगंज: चैत्र नवरात्र पर निकली भव्य कलश शोभायात्रा में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता

चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर कोढ़ा प्रखंड के बावनगंज पंचायत में भव्य कलश शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय विधायक कविता पासवान एवं जिला परिषद अध्यक्ष  रश्मि सिंह ने भाग लेकर मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।
शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, सिर पर कलश लेकर पूरे गांव में भ्रमण करती नजर आईं। पूरे क्षेत्र में जय माता दी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और भक्ति गीतों के साथ निकली यह यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।
इस अवसर पर विधायक एवं जिला परिषद अध्यक्ष ने माँ दुर्गा की पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।
आयोजन समिति के युवा सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ चैत्र नवरात्र मनाया जा रहा है। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए थे।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरे आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post