पूर्णिया जिले के रघुवंशनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बालूटोल तीनतांगा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक गर्भवती महिला का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान धमदाहा निवासी गोपाल मंडल की 20 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुरालवालों पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है।
मृतका की बहन नूतन देवी ने बताया कि शिवानी की शादी दो वर्ष पूर्व बालूटोल निवासी कैलाश मंडल के पुत्र सनोज मंडल के साथ हुई थी। शादी में करीब 2 लाख रुपये नकद सहित अन्य सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के कुछ दिनों बाद ही पति का दूसरी लड़की से संबंध हो गया, जिसके बाद शिवानी को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
परिजनों के अनुसार, पति सनोज मंडल छोटी-छोटी बातों पर मारपीट और गाली-गलौज करता था, जिससे परेशान होकर शिवानी कुछ समय के लिए मायके आ गई थी।
बताया गया कि हाल ही में उसकी सास धमदाहा पहुंची और परिवारिक विवाद सुलझाने का भरोसा देकर शिवानी को वापस ससुराल ले गई। लेकिन आरोप है कि तीन दिन पहले ही देवर मनोज मंडल ने शिवानी के साथ बेरहमी से मारपीट की थी, जिसमें उसके कान की बाली तक खिंच गई और काफी खून बहा था।
नूतन देवी के अनुसार, गुरुवार रात शिवानी से आखिरी बार फोन पर बात हुई थी। उस समय उसने बताया था कि सास ने मछली लाने के लिए 100 रुपये दिए हैं और घर का माहौल सामान्य लग रहा है। लेकिन अगली सुबह उसकी मौत की सूचना मिली।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतका के गले पर गहरा काला निशान मिला है, जो प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका दर्शाता है।
पुलिस ने परिजनों का बयान दर्ज कर लिया है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment