Top News

भवानीपुर CHC में हाई मास लाइट खराब, अंधेरे में इलाज को मजबूर मरीज



भवानीपुर/बमबम यादव
भवानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में लगी हाई मास लाइट अब केवल शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। लाखों रुपये की लागत से लगाई गई यह हाई मास लाइट पिछले कई महीनों से खराब पड़ी है, जिससे अस्पताल परिसर और आसपास का इलाका शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब हाई मास लाइट चालू रहती थी, तो पूरा अस्पताल परिसर रोशनी से जगमग रहता था और मरीजों व उनके परिजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती थी। लेकिन अब हालात यह हैं कि अंधेरा होते ही अस्पताल आने-जाने में लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय सामाजिक लोगों एवं दुकानदारों ने लाइट को ठीक कराने की मांग की, लेकिन अब तक न तो किसी जनप्रतिनिधि और न ही संबंधित अधिकारियों ने इस ओर ध्यान दिया है।
अंधेरे के कारण मरीजों और उनके परिजनों को टॉर्च या मोबाइल की रोशनी का सहारा लेना पड़ रहा है। वहीं, इस गंभीर समस्या को लेकर कई लोगों ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर इसे वायरल भी किया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द हाई मास लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को राहत मिल सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post