Top News

बायसी प्लस टू विद्यालय में छात्रों का विरोध, हेडमास्टर व शिक्षकों पर भेदभाव का आरोप

बायसी प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय, बायसी के छात्रों ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों पर भेदभावपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) अमरजीत कुमार को आवेदन सौंपा और विद्यालय परिसर में विरोध प्रदर्शन किया।

आवेदन में कक्षा 12 के छात्रों ने आरोप लगाया कि उनसे रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर 900 रुपये लिए गए, जबकि रसीद केवल 850 रुपये की दी गई। छात्रों ने शिक्षक संजय मालाकार पर गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया।

छात्रों ने प्रधानाध्यापक जुनेद आलम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी पुत्री बाहर रहकर पढ़ाई करती है, बावजूद इसके उसका नाम विद्यालय में दर्ज है और प्रैक्टिकल परीक्षा में उसे सभी विषयों में 30-30 अंक दिए गए, जबकि अन्य छात्रों को मात्र 20 से 22 अंक ही मिले। छात्रों का कहना है कि संबंधित छात्रा विद्यालय नियमित रूप से नहीं आती, फिर भी उसे सभी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
इसके अलावा छात्रों ने विद्यालय के लिपिक अतुल कुमार पर आरोप लगाया कि स्कूल लीविंग सर्टिफिकेट (SLC) पैसे लेने के बाद ही दिया जाता है।

हालांकि, इस संबंध में प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक से पूछे जाने पर उन्होंने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया।

प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अमरजीत कुमार ने कहा कि छात्रों से आवेदन प्राप्त हुआ है और मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान छात्र अथर रजा, सेफ रजा, मोहम्मद सैफ, वासीद रजा, गौस एवं मिजान रजा समेत कई छात्र मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post