कोढ़ा प्रखंड के उत्तरी सिमरिया पंचायत अंतर्गत सोनापुर गांव में 11 केवी विद्युत तार टूट जाने से पिछले तीन दिनों से ग्रामीण लो वोल्टेज की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण घरों में लगे पंखे, मोटर और अन्य विद्युत उपकरण सही ढंग से काम नहीं कर पा रहे हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि 11 केवी लाइन का तार टूटकर झूल रहा है, जिससे खतरे की आशंका भी बनी हुई है। वहीं लगातार लो वोल्टेज रहने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू कार्य और छोटे व्यवसाय प्रभावित हो रहे हैं। शाम के समय स्थिति और अधिक खराब हो जाती है, जब बिजली की खपत बढ़ने से वोल्टेज और गिर जाता है।इधर एक किसान ने आपत्ति जताते हुए कहा कि उक्त विद्युत तार उसके खेत के ऊपर से गुजरता है, जिससे खेती-बाड़ी के कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। खेत में ट्रैक्टर या अन्य कृषि यंत्र चलाने में डर बना रहता है। किसान ने मांग की है कि 11 केवी लाइन को खेत के ऊपर से हटाकर बाहर से ले जाया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से अविलंब टूटे हुए तार की मरम्मत कर नियमित वोल्टेज आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही किसानों की समस्या को ध्यान में रखते हुए लाइन के मार्ग में परिवर्तन पर भी विचार करने की अपील की है। बिजली विभाग के कनिय अभियंता पंकज ठाकुर ने बताया कि होली पर्व को लेकर विभाग में कर्मचारियों की छुट्टी है। होली के पश्चात समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
11 केवी तार टूटने से सोनापुर में लो वोल्टेज की समस्या
Cityhalchal News
0
Post a Comment