विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कोढ़ा प्रखंड की खेरिया पंचायत में आयोजित ‘बंकिम बाबू मेमोरियल’ क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ विधायक कविता पासवान एवं जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित सिंह स्थानीय मुखिया सोहराब अली , के अलावे खिलाड़ियों और ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा मैदान उत्साह और खेल भावना से सराबोर नजर आया।
यह प्रतियोगिता यंग इंडिया क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में उत्कृष्ट ढंग से आयोजित की गई है। आयोजन समिति की सुव्यवस्थित तैयारी, खिलाड़ियों का अनुशासन और युवाओं का जोश कार्यक्रम की विशेष पहचान रही।
उद्घाटन के मौके पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतियोगिताएं प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। खेल से न केवल शारीरिक विकास होता है, बल्कि टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी विकसित होती है। जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन सामाजिक समरसता और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं।
मैदान में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन का संकल्प लिया, वहीं दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति ने बताया कि टूर्नामेंट में क्षेत्र की कई टीमें भाग ले रही हैं और प्रतियोगिता रोमांचक मुकाबलों से भरपूर रहेगी।
ग्रामीण परिवेश में इस भव्य खेल आयोजन ने युवाओं में नई ऊर्जा का संचार किया है और क्षेत्र में खेल संस्कृति को मजबूती प्रदान की है।
Post a Comment