नगर पंचायत कोढ़ा में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से चल रहे नाला निर्माण कार्य का मुख्य पार्षद धीरज कुमार सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित संवेदक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य पार्षद ने कहा कि बरसात से पूर्व नाला निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा, ताकि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। साथ ही, नाले के साथ-साथ सड़क निर्माण कार्य भी नाला निर्माण कार्य पूर्ण होने पर अभिलंब सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। जिससे आमजनों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पंचायत वासियों को जलजमाव और टूटी सड़कों की समस्या से राहत दिलाना नगर निकाय की प्राथमिकता है। गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का प्रयास किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं, जिनका त्वरित समाधान करने का आश्वासन दिया गया। मुख्य पार्षद ने संबंधित अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर पंचायत में चल रहे इस विकास कार्य से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Post a Comment