Top News

महाशिवरात्रि को लेकर शिवालयों में जोर-शोर से तैयारी

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। विभिन्न शिवालयों को आकर्षक तरीके से सजाया जा रहा है तथा पूजा-अर्चना की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कई मंदिरों से भगवान शिव की पारंपरिक बारात भी निकाले जाने की तैयारी चल रही है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के प्रमुख शिव मंदिरों में साफ-सफाई, रंग-रोगन, विद्युत सज्जा एवं पूजा सामग्री की व्यवस्था अंतिम चरण में है। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए कई स्थानों पर विशेष प्रबंध भी किए जा रहे हैं। प्रमुख रूप से थाना चौक स्थित पशुपतिनाथ शिव मंदिर, नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, मीरगंज, रामपुर सहित मुरलीगंज प्रखंड के विभिन्न गांवों में स्थित शिव मंदिरों में विशेष सजावट की जा रही है। श्रद्धालुओं के अनुसार महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। कई स्थानों से भगवान शिव की बारात निकलेगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। पूरे प्रखंड क्षेत्र में महाशिवरात्रि को लेकर भक्ति और उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post