भारत–नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल सशस्त्र पुलिस बल रानी की संयुक्त टीम ने 275.8 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई मोरंग जिले के जहदा भुटाहा स्थित नया टोल क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीमा सुरक्षा गुल्म रानी, बीओपी दरैया और बीओपी मधुमल्ल की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर पुआल के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप को बरामद किया। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि उक्त गांजा भारत भेजे जाने की तैयारी में रखा गया था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में संलिप्त स्थानीय 28 वर्षीय चन्दन कुमार साह को गिरफ्तार कर लिया। सशस्त्र पुलिस नायव उपरीक्षक तिलक खड्का ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
सीमा क्षेत्र में बढ़ती तस्करी की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सघन जांच अभियान चला रही हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सीमा पार अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई को भारत-नेपाल सीमा पर नशा तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
Post a Comment