पूर्णिया की रहने वाली एक विधवा महिला की सिर काटकर निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला का शव शनिवार को मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुकरचक पंचायत स्थित भित्ता के तराही दरगाह के समीप गड्ढे में पानी से बरामद किया गया।
मृतका की पहचान रिंकू देवी के रूप में हुई है, जो पूर्णिया जिले के बलिया थाना क्षेत्र की निवासी थी। महिला तीन फरवरी से अपने घर से लापता थी। शव की पहचान उसके पुत्र शिवम सिंह ने मां के कंगन और अंगूठी से की।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे खेत में काम कर रहे लोगों को तेज बदबू महसूस हुई। संदेह होने पर जब आसपास खोजबीन की गई तो गड्ढे के पानी में एक बोरे में भरा शव तैरता दिखा। यह दृश्य देख ग्रामीणों में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बिहारीगंज थाना अध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव को बोरे में मिट्टी के साथ भरकर पानी में डुबोया गया था। शव रस्सी से भी बंधा हुआ था। घटनास्थल के पास पानी में पेटीकोट का एक टुकड़ा भी बरामद किया गया है। शव नग्न अवस्था में मिला, जिससे हत्या से पहले दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जाता है कि महिला के पति की मृत्यु 12 वर्ष पूर्व हो चुकी थी। उसका बेटा बाहर सिक्योरिटी गार्ड का काम करता है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या प्रेम प्रसंग में की गई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
इलाके में इस घटना के बाद दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की हैं।
Post a Comment