कोढ़ा प्रखंड के बिशनपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-4 में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क आखिरकार पक्की पीसीसी सड़क में तब्दील हो गई। मुख्यमंत्री क्षेत्रीय विकास योजना के तहत मुख्य सड़क से सदानंद सिंह के घर तक बनी इस नई सड़क का उद्घाटन माननीय एमएलसी अशोक अग्रवाल ने किया।
करीब 12 लाख 5 हजार 100 रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क का कार्य 6 अक्टूबर 2025 को प्रारंभ हुआ था और वित्तीय वर्ष 2025-26 में इसे पूर्ण कर आम जनता को समर्पित कर दिया गया। पहले यहां ईंट सोलिंग सड़क थी, जो बरसात में कीचड़ और जलजमाव के कारण ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन जाती थी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी अशोक अग्रवाल ने कहा कि यह सड़क केवल कंक्रीट की ढलाई नहीं, बल्कि ग्रामीणों की सुविधा और किसानों की जरूरतों से जुड़ा विकास कार्य है। उन्होंने कहा कि अब किसानों को खेतों तक पहुंचने में सहूलियत होगी और बच्चों, बुजुर्गों व महिलाओं को भी आवागमन में राहत मिलेगी। सरकार का लक्ष्य गांवों में मजबूत बुनियादी ढांचा विकसित कर समग्र ग्रामीण विकास सुनिश्चित करना है।
जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह ने कहा कि यह सड़क वार्ड-4 के लोगों की लंबे समय से मांग थी। अब इसके बनने से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ बरसात के दिनों में होने वाली समस्याओं से भी मुक्ति मिलेगी।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष कोलासी भोला झा, वार्ड सदस्य उदय सिंह, उप मुखिया पंचम सिंह, बावनगंज मुखिया बलराम मोहली, समाजसेवी नवीन मिश्रा, भाजपा नेता शेखर सिंह, मृत्युंजय सिंह, मानस कुमार, कारण सिंह, संजय सिंह, गणेश सिंह, रामआश्रय सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण पूरा होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों और सरकार के प्रति आभार जताया तथा उम्मीद जताई कि आगे भी क्षेत्र में इसी तरह विकास कार्य होते रहेंगे।
Post a Comment