कुरसेला सिटी हलचल न्यूज़ कटिहार
कुरसेला प्रखंड के जरलाही पंचायत अंतर्गत नया टोला तीनघरिया वार्ड 2 में मंगलवार की अहले सुबह चाय बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लगने से दो घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए। इस अगलगी की घटना में संतोष सहनी एवं प्रकाश सहनी का घर समेत नकद राशि, अनाज, कपड़ा, बर्तन और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
अग्नि पीड़ित प्रकाश सहनी की पत्नी गीता देवी ने बताया कि उनके पति रोज की तरह ईंट-भट्ठा में मजदूरी करने के लिए निकल रहे थे। इसी दौरान चाय बनाने के लिए जैसे ही गैस चूल्हा जलाने के लिए लाइटर जलाया, आग अचानक भड़क उठी और देखते ही देखते पूरे घर में फैल गई। आग की तपिश से वह बेहोश हो गईं। होश आने पर देखा कि ग्रामीणों एवं फायर ब्रिगेड की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
उन्होंने बताया कि उनके देवर संतोष सहनी का घर भी आग की चपेट में आ गया। उस समय घर में ताला लगा हुआ था, क्योंकि परिवार के लोग बटेश्वर स्थान मेला देखने गए हुए थे और घर नही लोटे थें।
गीता देवी का ग्रुप लोन से निकाले गए 30 हजार रुपये, घर निर्माण के लिए रखे 40 हजार रुपये नकद, किराना दुकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। वहीं स्वयं के पास चुकौती के लिए रखे 5 हजार रुपये और घर में रखे 20 हजार रुपये नकद समेत कुल लगभग 25 हजार रुपये भी आग की भेंट चढ़ गए। इस अगलगी में दोनों परिवारों के पास न तो खाने के लिए अनाज बचा है, न पहनने के लिए कपड़े, न सोने के लिए बिछावन और न ही रहने के लिए घर।सूचना पर पहुंचे राजस्व कर्मचारी आकाश मिश्रा ने घटना की जानकारी लेते हुए बताया कि दोनों पीड़ित परिवारों को आपदा राहत कोष से मिलने वाली सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं पंचायत की मुखिया सुप्रिया जयसवाल, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि शमशाद आलम एवं बिहार पुलिस के सुभाष यादव द्वारा पीड़ित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया गया।
Post a Comment