कटिहार जिले के कुर्सेला हाट बाजार में हुई जेबकटी की घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में एक शातिर महिला चोर को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने चोरी गई राशि में से ₹47,500 बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 जनवरी 2026 को पूर्णिया जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दमैली पासवान टोला निवासी 60 वर्षीय जालंधर पासवान कुर्सेला हाट बाजार में कपड़े की खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात महिला ने उनके पॉकेट से ₹50,000 चोरी कर फरार हो गई। पीड़ित के लिखित आवेदन पर कुर्सेला थाना में कांड संख्या 41/26, दिनांक 02 फरवरी 2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, कटिहार के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए कांड में संलिप्त शातिर महिला चोर कंचन देवी (उम्र 35 वर्ष), पति धर्मेन्द्र मुनि, निवासी ठकुआ, थाना धमदाहा, जिला पूर्णिया को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्ता के पास से चोरी की गई राशि में से ₹47,500 बरामद कर ली गई है। पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
कटिहार पुलिस की इस कार्रवाई से हाट बाजार में सक्रिय जेबकतरा गिरोहों के खिलाफ सख्त संदेश गया है।
Post a Comment