Top News

चार घंटे बाद बहाल हुआ आवागमन, बिजली संकट को लेकर एसएच-91 जाम

मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 पर रजनी पंचायत के सबुरी चौक के पास बुधवार को बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि रजनी पंचायत के वार्ड संख्या 10, 11 एवं 12 में बीते तीन दिनों से बिजली आपूर्ति ठप थी। अंधेरे में रात गुजारने और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार सुबह करीब दस बजे एसएच-91 पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दिया।
सड़क जाम के चलते मुरलीगंज-बिहारीगंज मार्ग पर दोपहर दो बजे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप रही। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। इसके बाद आवागमन बहाल हो सका।
बिजली विभाग के जेई अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि सोमवार को रजनी क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की लाइन में फॉल्ट आने से तार गिर गया था। मरम्मत के दौरान स्थानीय एक व्यक्ति द्वारा अपने घर के ऊपर से गुजर रही लाइन को हटाने की मांग को लेकर आपूर्ति बहाल करने में बाधा उत्पन्न की गई थी।
मौके पर पहुंचे बीडीओ गोपाल कृष्णन एवं थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने संबंधित व्यक्ति को समझाया, जिसके बाद वैकल्पिक मार्ग से तार ले जाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने पर सहमति बनी।
बीडीओ गोपाल कृष्णन ने कहा कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण ग्रामीणों ने सड़क जाम किया था। अब आपूर्ति बहाल कर दी गई है और स्थिति सामान्य है।

Post a Comment

Previous Post Next Post