महाराष्ट्र के बारामती में भयानक प्लेन हादसा हुआ है। प्लेन मुंबई से बारामती जा रहा था। यह एक चार्टर्ड प्लेन था। इस प्लेन क्रेश में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार का निधन हो गया है। पवार जिला परिषद चुनावों के लिए एक जनसभा में शामिल होने बारामती जा रहे थे। विमान में सवार कोई भी व्यक्ति इस दुर्घटना में जीवित नहीं बचा है।
विमान हादसे के समय मौके पर मौजूद एक चश्मदीद ने बताया, "मैंने यह अपनी आंखों से देखा। यह सच में बहुत दुखद है। जब विमान नीचे आ रहा था, तो ऐसा लगा कि यह क्रैश हो जाएगा, और यह क्रैश हो गया। फिर इसमें धमाका हुआ। उसके बाद, हम यहां भागे और देखा कि विमान में आग लगी हुई थी। विमान में फिर से 4-5 धमाके हुए। और लोग यहां आए, और उन्होंने लोगों को (विमान से) बाहर निकालने की कोशिश की। लेकिन क्योंकि यह बहुत बड़ी आग थी, इसलिए लोग मदद नहीं कर पाए। अजित पवार विमान में सवार थे और यह हमारे लिए बहुत दुखद है। मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता।"
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार जिस प्लेन में सवार थे वो एक Learjet 45 मॉडल का बिजनेस जेट था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK है। विमान का संचालन VSR Ventures Pvt Ltd द्वारा किया जा रहा था। लैंडिंग के दौरान विमान रनवे से उतर गया और चट्टान से टकराने के बाद क्रैश हो गया था। इस दौरान प्लेन में आग लग गई थी। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान ने क्रैश लैंडिंग की या कोई तकनीकी खराबी चलते ये हादसा हुआ है।
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर कहा, “समस्त पवार परिवार और उनके समर्थकों के प्रति हमारी संवेदनाएं। मैंने सुप्रिया जी और उनकी पत्नी से बात की है। वहीं आनंद दुबे ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निधन पर कहा, “वे महाराष्ट्र के एक ऐसे नेता थे। जिन्होंने पक्ष-विपक्ष कभी नहीं देखा… हमने कभी कल्पना नहीं की थी कि वे इतनी जल्दी हमें छोड़कर चले जाएंगे।
Post a Comment