सोहराय महोत्सव 2026 के शुभ अवसर पर धमदाहा प्रखंड अंतर्गत बड़देला पंचायत के हाई स्कूल खेल मैदान में फुटबॉल मैत्री मैच का भव्य आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन का उद्घाटन धमदाहा अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) अनूप कुमार के द्वारा दोपहर में किया गया। उद्घाटन के साथ ही खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में धमदाहा एसडीएम अनूप कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में धमदाहा प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रकाश कुमार, धमदाहा अंचलाधिकारी रविंद्र कुमार प्रकाश, धमदाहा निर्वाचन पदाधिकारी सहित क्षेत्र के कई प्रतिष्ठित ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर खेल भावना के साथ खेलने का संदेश दिया।
फुटबॉल मैत्री मैच में हरिनकोल और किशनपुर बलुवा की टीमों के बीच कड़ा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। दोनों ही टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। निर्धारित समय में खेले गए मुकाबले में हरिनकोल की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और विजेता बनी।
मैच के समापन के बाद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। विजेता टीम हरिनकोल को धमदाहा एसडीएम अनूप कुमार के द्वारा ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं उपविजेता टीम किशनपुर बलुवा को धमदाहा अंचलाधिकारी रविंद्र कुमार प्रकाश के हाथों ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
मैच में शानदार खेल का प्रदर्शन करने वाले अविनाश पांडू को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अविनाश की तेज़ गति, सटीक पासिंग और गोल करने की क्षमता ने निर्णायकों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
गौरतलब है कि सोहराय महोत्सव को राजकीय दर्जा मिलने के बाद यह दूसरी बार है जब इस मेले का आयोजन किया गया है। महोत्सव के अंतर्गत खेल गतिविधियों को शामिल करने से युवाओं में खेल के प्रति रुचि बढ़ रही है। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि आगे भी इस तरह के खेल आयोजन किए जाएंगे ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और खेल संस्कृति को मजबूत करते हैं। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने तालियों के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और आयोजन को सफल बनाया।
Post a Comment