किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज संवाददाता
शहर में शुक्रवार को आयकर विभाग ने उद्योगपति और प्रतिष्ठित कारोबारी दफ्तरी ग्रुप के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है।जिससे शहर में हड़कंप मच गया।टीम पटना व दूसरे शहरों से किशनगंज पहुंची है।यह कार्रवाई नेमचंद रोड, भगत टोली, धर्मशाला रोड और पश्चिमपाली जैसे प्रमुख कारोबारी और रिहायशी इलाकों में की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, यह छापेमारी आर्थिक अनियमितताओं और कथित काले धन से जुड़े मामलों की जांच के सिलसिले में हो रही है।छापेमारी सुबह तड़के हुई, जब आयकर विभाग की टीमें भारी पुलिस बल के साथ उद्योगपति के आवास और कार्यालयों पर पहुंची। सभी स्थानों में अर्द्धसैनिक बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई है
ताकि कार्रवाई में किसी तरह की बाधा न आए। बताया जा रहा है कि टीम को कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज और सबूतों की तलाश है, जो कथित तौर पर अवैध वित्तीय लेनदेन से संबंधित हो सकते हैं।कार्रवाई के दौरान कार्रवाई स्थल के पास से कोई भी गुजरता था तो उसे अर्द्धसैनिक बलों के द्वारा वहां रुकने नहीं दिया जा रहा था।आसपास की दुकानों के पास भी किसी को भी रुकने नहीं दिया जा रहा था। लगातार हो रही कार्रवाई के दौरान शहर में दिन भर चर्चाएं होती रही।छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज की पड़ताल की जा रही है
हालांकि, अभी तक आयकर विभाग की टीम ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। यह कार्रवाई देर रात तक चलने की संभावना है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।जिले में इस तरह की बड़ी छापेमारी ने न केवल स्थानीय कारोबारी समुदाय को हिलाकर रख दिया है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।



Post a Comment