किशनगंज/सिटी हलचल न्यूज
जिला पदाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में जिले के सभी तकनीकी विभागों के पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित विभिन्न निर्माण कार्यों एवं विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करना तथा कार्यान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना था।बैठक के दौरान भवन निर्माण विभाग, नगर परिषद, विद्युत विभाग, लघु सिंचाई, कृषि विपणन यार्ड, ग्रामीण कार्य विभाग एवं अन्य तकनीकी शाखाओं से संबंधित योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई।भवन निर्माण विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि अवर निबंधन कार्यालय, ठाकुरगंज के सी-टाइप आवास को डी-टाइप आवास में परिवर्तित कर निर्माण हेतु पत्राचार किया गया है। चारदीवारी निर्माण कार्य 80 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है। बहादुरगंज स्थित अवर निबंधक आवास हेतु चयनित स्थल पर वृक्ष हटाने का कार्य लंबित है, जिसके लिए वन विभाग को पत्राचार किया गया है
वृक्ष हटने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।इसी प्रकार, अवर निबंधन कार्यालय बहादुरगंज की चारदीवारी निर्माण कार्य हेतु भूमि पर अतिक्रमण की समस्या के समाधान के लिए अंचलाधिकारी बहादुरगंज को मापी कराकर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है।कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत बहादुरगंज ने जानकारी दी कि नगर क्षेत्र में स्थापित कुल 3501 स्ट्रीट लाइटों की मरम्मती पूर्ण कर ली गई है। साथ ही, सभी 18 वार्डों में सार्वजनिक स्थलों पर 20 हाई मास्ट लाइटें स्थापित की गई हैं।विद्युत विभाग द्वारा बताया गया कि 220 के.वी. किशनगंज (न्यू)–ठाकुरगंज (52 किमी) ट्रांसमिशन लाइन का कार्य पूर्ण कर उसे ऊर्जान्वित कर दिया गया है।वर्ष 2023-24 की योजनाओं के अंतर्गत 05 अदद योजनाओं में से 03 का पुनर्निविदा किया गया है। कटारमनी झील एवं शीतला जलकर योजना का एकरारनामा पूर्ण कर कार्य प्रगति पर है, किंतु वर्षा के कारण बाधित है। डुबरा झील योजना की निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है, एकरारनामा भी संपन्न हो चुका है, परंतु वर्षा के कारण कार्यारंभ नहीं हो सका है।जिला पदाधिकारी ने विशेष रूप से शीतला जलकारी योजना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की संभावना पर बल देते हुए विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।ठाकुरगंज (चुरलीहाट) में प्रथम वर्गीय पशु चिकित्सालय निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है
बहादुरगंज (लौचा) में भूमि की समस्या बनी हुई है। कोचाधामन (बिशनपुर) एवं ठाकुरगंज (गलगलिया) में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। आजाद नगर में प्रथम तल का कार्य पूर्ण हो चुका है, शेष कार्य प्रगति पर है।बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी निर्वाचन की अधिसूचना जारी होने से पूर्व सभी स्वीकृत एवं प्रगतिरत योजनाओं का कार्य प्रारंभ किया जाए तथा गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।खेल भवन के पीछे पार्क निर्माण कार्य मुख्यमंत्री समग्र योजना अंतर्गत वुडको, किशनगंज द्वारा प्रारंभ किया गया है तथा 26% कार्य पूर्ण कर लिया गया है।महेशबथना स्थित अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय प्लस टू उच्च विद्यालय के निर्माण कार्य को दो पालियों में संचालित कर शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।खनन रिपोर्ट प्रस्तुत करने एवं रॉयल्टी भुगतान की गति में तेजी लाने का भी निर्देश दिया गया।बैठक में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्री संदीप कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी-सह-योजना पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित रहे।



Post a Comment