Top News

देवघर जा रही सवारी गाड़ी हाईवा से टकराई, 20 यात्री घायल

धमदाहा/सिटी हलचल न्यूज 

धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिणकोल गांव से देवघर जा रही यात्रियों से भरी एक सवारी गाड़ी बुधवार दोपहर अचानक संतुलन खो बैठी और आगे चल रहे हाईवा ट्रक से जा टकराई। हादसे में गाड़ी पर सवार सभी 20 यात्री घायल हो गए। इनमें से कई गंभीर रूप से जख्मी हैं।घटना में हरिणकोल गांव की दुलारी देवी (50), नरेश यादव तथा धमदाहा घाट के बुद्धन मुर्मू (55) को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें बुद्धन मुर्मू का इलाज भागलपुर के मायागंज अस्पताल में चल रहा है, जबकि दुलारी देवी को उनके परिजन इलाज के लिए पूर्णिया ले गए हैं।

हादसा कैसे हुआ

घायल नरेश यादव ने बताया कि वे लोग बुधवार को दोपहर करीब 12 बजे धमदाहा से देवघर जाने के लिए निकले थे। गाड़ी में आगे, बीच और पीछे की सीट पर लगभग 15 यात्री खचाखच भरे हुए थे, जबकि पांच लोग गाड़ी की छत पर बैठे थे। दोपहर करीब 3 बजे अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और सामने चल रहे हाईवा से जा टकराई। हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। बाद में रंगड़ा पुलिस ने वाहन जब्त कर थाने ले गई


स्थानीय सहयोग से भर्ती

स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की शिकार सवारी गाड़ी नगर पंचायत धमदाहा के घोलटू नामक व्यक्ति की बताई जाती है। यात्रियों ने इसे बुक कर देवघर जाने की योजना बनाई थी


घायलों की सूची

हादसे में घायल दुलारी देवी (पति मंगल मंडल), बिरजू मुर्मू (55), सोनिया देवी (40, पति भरत लाल महतो) को मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं मुन्नी देवी, एतवारी महतो, अशोक मंडल, रीना देवी, मनोज मंडल, मंगल मंडल, विपिन रामानी, कुंदन मंडल, मुकेश मंडल, बुट्टन मुर्मू, छोटेलाल हांसदा समेत कई यात्री घायल हुए हैं। अधिकतर यात्री धमदाहा प्रखंड के हरिणकोल गांव और धमदाहा घाट के रहने वाले बताए गए हैं।

देवघर यात्रा स्थगित

हादसे के बाद कुछ लोग अपने-अपने घर लौट गए, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों के परिजन उनके इलाज में जुटे हुए हैं। इस घटना के बाद सभी ने देवघर जाने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post