धमदाहा/रितेश राज
पूर्णियाँ: मोहर्रम के दौरान डीजे बजाने पर ना सिर्फ मुकदमा किया जाएगा, बल्कि डीजे को किराए पर या सहयोग के रूप में देने वाले पर भी मुकदमा किया जाएगा. अनुमंडल मुख्यालय स्थित धमदाहा थाना में डीजे संचालकों के साथ आहूत शांति समिति की बैठक में उक्त बातें पुलिस निरीक्षक सह थाना अध्यक्ष धमदाहा कुमार अभिनव ने स्पष्ट रूप से कहा. इस दौरान उन्होंने सभी डीजे संचालकों से डीजे को मोहर्रम के दौरान नहीं बजाने को लेकर एक बंद पत्र भी देने के लिए कहा है. उन्होंने कहा कि धमदाहा थाना क्षेत्र के चिन्हित सभी 19 डीजे संचालकों को बैठक में इस बात की सख्त हिदायत दी गई है
साथ ही उन्होंने कहा कि जिन डीजे संचालकों की थाना को सूची नहीं है या जो लोग भी गुपचुप तरीके से डीजे का संचालन कर रहे हैं उनके लिए भी यह सख्त हिदायत है कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे का संचालन किसी भी हाल में नहीं करें. अन्यथा जुलूस के दौरान पकड़े गए डीजे को ना सिर्फ जब्त किया जाएगा, बल्कि डीजे के मालिक पर मुकदमा दायर किया जाएगा. धमदाहा थाना क्षेत्र के कुल 16 लोगों ने मोहर्रम के जुलूस को लेकर लाइसेंस लिया है
जिनसे मोहर्रम का जुलूस निकाले जाने को लेकर रूट चार्ट एवं समय की सूची भी मांगी गई है. साथ ही मोहर्रम के लाइसेंस धारियों को जुलूस के दौरान वालंटियर को सक्रिय रखकर जुलूस को शांतिपूर्ण निकालने के लिए कहा गया है. जुलूस के दौरान किसी प्रकार के भी उन्मादी नारे लगाने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जुलूस के दौरान जहां सड़कों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं हुड़दंगियों पर पुलिस सादे लिबास में नजर रखेगी.



Post a Comment