Top News

जीडी गोयनका स्कूल में विद्यार्थियों से रूबरू हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन, सफलता के बताए मंत्र

 

पूर्णियाँ /बालमुकुन्द यादव 

पूर्णिया, 10 अक्टूबर। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, पूर्णिया में शनिवार को कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय के ओपेरा हॉल में आयोजित कार्यक्रम में पूर्णिया के एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन मुख्य अतिथि तथा सदर डीएसपी अभिनव पाराशर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने विद्यार्थियों के साथ अपनी शैक्षणिक यात्रा और भारतीय पुलिस सेवा में चयन के अनुभव साझा किए। वर्ष 2017 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. सुमन ने मुंबई के ग्रांट मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की। इसके बाद यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 119वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा में जगह बनाई


उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे सीखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, ईमानदारी, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत सफलता की महत्वपूर्ण कुंजी हैं। विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी अपने जीवन में प्राथमिकता देनी चाहिए


कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रश्नोत्तर सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने करियर, सफलता, चुनौतियों और जीवन में सही निर्णय लेने से जुड़े सवाल पूछे। एसएसपी ने उनके सवालों का जवाब देकर मार्गदर्शन किया।इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डॉ. पीयूष अग्रवाल, वाइस चेयरमैन शैलेन्द्र गुप्ता, निदेशक-प्रधानाचार्या पुलोमा नंदी, उपप्रधानाचार्य राज कुमार दास और प्रशासक प्रीतम दास ने अतिथियों को स्मृति-चिह्न, शॉल और पौधा भेंट कर सम्मानित किया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभवों से सीखने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post