मुरलीगंज (मधेपुरा)। प्रखंड क्षेत्र की भतखोड़ा पंचायत के कटैया टोला वार्ड संख्या 9 में सोमवार को आग लगने से दो परिवारों के घर जलकर राख हो गए। अगलगी की इस घटना में चार बकरियां, ग्लैमर मोटरसाइकिल, अनाज, कपड़े, जरूरी कागजात और घर में रखे दैनिक उपयोग के सामान नष्ट हो गए। घटना के बाद दोनों पीड़ित परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार को मो. सिराजुल और मो. जब्बार के घर में अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घर से आग की लपटें उठती देख आसपास के दर्जनों लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। हालांकि, आग तेजी से फैलने के कारण दोनों घरों में रखा सामान बचाया नहीं जा सका।
बताया जाता है कि घरों की दीवारें नीचे से बनी थीं और ऊपर टीन की छत थी। आग की चपेट में एक फूस का घर भी आ गया। हादसे में चार बकरियों और ग्लैमर मोटरसाइकिल के अलावा राशन, खाने-पीने का सामान, कपड़े, जरूरी कागजात और रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुएं जल गईं। आग से दोनों परिवारों को भारी नुकसान हुआ है।
घटना के बाद पीड़ित परिवारों के सामने जीवनयापन का संकट खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इस संबंध में अंचलाधिकारी किसलय कुमार ने बताया कि अगलगी की घटना की जानकारी मिली है। संबंधित कर्मचारी को मौके पर भेजकर जांच रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की जाएगी। वहीं, थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Post a Comment