Top News

दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने निकाला फ्लैग मार्च


दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार की शाम जिला प्रशासन की ओर से मुरलीगंज में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान डीएम अभिषेक रंजन और एसपी संदीप सिंह समेत जिले एवं प्रखंड के विभिन्न पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और पूजा की तैयारियों का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च के दौरान डीएम और एसपी मुरलीगंज दुर्गा मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों से बातचीत कर पूजा की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पूजा समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर चर्चा की गई।

डीएम अभिषेक रंजन ने कहा कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। पूजा समितियों से बातचीत कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली जा रही है, ताकि पर्व के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की कड़ी नजर है, ताकि भ्रामक सूचनाओं और अफवाहों से माहौल प्रभावित नहीं हो।

वहीं, एसपी संदीप सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी पूजा पंडालों का जायजा लिया जा रहा है। उन्होंने असामाजिक तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या किसी प्रकार की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने पूजा समितियों और आम लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

Post a Comment

Previous Post Next Post