पूर्णिया के दुर्गाबाड़ी, भट्ठा बाजार में निर्माणाधीन खादी मॉल का सोमवार को विधायक विजय खेमका ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, खादी मॉल का निर्माण इस वर्ष दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने से स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच मिल सकेगा।
बिहार राज्य खादी ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से पीएम गति शक्ति योजना के तहत करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से खादी मॉल का निर्माण कराया जा रहा है। लगभग 15 हजार वर्गफीट क्षेत्र में जी+3 संरचना वाले इस भवन में 40 से 50 वेंडरों और प्रतिष्ठानों के लिए स्थान उपलब्ध कराने की योजना है। यहां स्वदेशी एवं स्थानीय उत्पादों के साथ हैंडलूम के कपड़े, खाद्यान्न और विभिन्न प्रकार की सामग्रियों की बिक्री की व्यवस्था होगी।
निरीक्षण के दौरान विधायक विजय खेमका ने स्थल पर मौजूद आयडा के कनीय अभियंता और जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक से निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि खादी मॉल पूर्णिया के स्थानीय उत्पादकों, कारीगरों, छोटे व्यवसायियों और उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। इससे स्वदेशी उत्पादों और हस्तकरघा उद्योग को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि खादी मॉल के शुरू होने से पूर्णिया की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा।
निरीक्षण के दौरान भाजपा नेता राजेश चौरसिया, अजीत सिंह, गौरव चंद्रवंशी, मुकेश साह, कुणाल दास, डब्लू पांडे, विजय सिंह, सुरेश दास, गुप्ता जी सहित कई स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
Post a Comment