आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर अनगढ़ थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष विकास कुमार ने की। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों की सुरक्षा, पुलिस गश्ती, प्रतिमा विसर्जन तथा आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष विकास कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस गश्ती की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा अफवाह फैलाने वालों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। साथ ही पूजा समितियों से निर्धारित समय के अनुसार पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने का आग्रह किया।
थानाध्यक्ष ने पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान अश्लील गाने बजाने पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने सभी समितियों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने की अपील की, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो।
बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने दुर्गा पूजा को आस्था और सामाजिक एकता का पर्व बताते हुए सभी समुदायों से आपसी सहयोग, भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने की अपील की। जनप्रतिनिधियों एवं पूजा समिति के सदस्यों ने पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
Post a Comment