Top News

कैलाशपति मिश्र की जयंती पर भाजपा ने किया नमन, सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों पर चर्चा


विधायक जनसंपर्क कार्यालय में सोमवार को जनसंघ से भाजपा तक संगठन को मजबूत करने वाले एवं गुजरात के राज्यपाल रहे स्वर्गीय कैलाशपति मिश्र की जयंती मनाई गई। विधायक विजय खेमका एवं भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान विधानसभा संयोजक, पांचों मंडलों के अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं प्रमुख कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय मिश्र के संगठनात्मक योगदान को याद किया।

बैठक में आगामी 7 अक्टूबर को कला भवन में आयोजित सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक विजय खेमका ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा के अवसर पर भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 11 अक्टूबर तक विभिन्न सामाजिक एवं जनसरोकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे कला भवन, पूर्णिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन कार्यकर्ताओं एवं आमजन द्वारा सुना जाएगा। इसके बाद कला भवन से थाना चौक तक गाजे-बाजे के साथ सामूहिक सेवा ज्योति मशाल यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के बाद सेवा ज्योति कलश को सेवा ज्योति चौक पर स्थापित किया जाएगा।

विधायक ने मंडल अध्यक्षों, पदाधिकारियों, शक्ति केंद्र प्रमुखों, मंडल प्रभारियों तथा विधानसभा संयोजक एवं प्रभारी को अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी। उन्होंने पूर्णिया शहर एवं ईस्ट ब्लॉक के लोगों से 7 अक्टूबर को कला भवन पहुंचकर प्रधानमंत्री का संबोधन सुनने और सेवा ज्योति यात्रा में सहभागी बनने की अपील की।

बैठक में मनोज गोस्वामी, गोपाल सिन्हा, पवन सहनी, पानो देवी, मनोज सिंह, अनुपमा झा, सुजीत सिन्हा, चंदन पासवान, संजय मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post