पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना परिसर से सोमवार की सुबह चोरी के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी हथकड़ी समेत फरार हो गया। आरोपी के हाजत से निकलकर भागने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
फरार आरोपी की पहचान बनमनखी थाना क्षेत्र के मोहिनिया चकला निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे अजय कुमार ने शौच जाने की बात कही। उस समय ड्यूटी पर तैनात चौकीदार कैलाश शर्मा उसे हाजत से निकालकर थाना परिसर स्थित शौचालय की ओर ले गए। आरोपी के हाथ में हथकड़ी लगी थी।
इसी दौरान मौका पाकर अजय कुमार हथकड़ी समेत वहां से भाग निकला। चौकीदार के शोर मचाने और पुलिस को इसकी जानकारी मिलने तक आरोपी काफी दूर निकल चुका था। घटना की सूचना ओडी ऑफिसर सह ऑन ड्यूटी इंचार्ज पुअनि संजीव कुमार ने तत्काल वरीय अधिकारियों को दी।
स्कूल से चोरी हुए थे 18 पंखे
अजय कुमार की गिरफ्तारी मध्य विद्यालय मोहिनिया में हुई चोरी के मामले में की गई थी। कुछ दिन पहले चोरों ने स्कूल के कमरों में लगे करीब 18 पंखे चोरी कर लिए थे। घटना के बाद स्कूल के प्रधानाचार्य ने अज्ञात चोरों के खिलाफ बनमनखी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को मिले सुराग के आधार पर शनिवार की देर रात अजय कुमार के घर पर छापेमारी की गई। पुलिस ने उसके घर से चोरी का एक पंखा बरामद किया और अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर चोरी गए अन्य पंखों और घटना में शामिल दूसरे आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाने की तैयारी में थी, लेकिन इससे पहले ही वह थाना परिसर से फरार हो गया।
चौकीदार पर कार्रवाई की तैयारी
घटना की पुष्टि करते हुए बनमनखी थानाध्यक्ष विजय कुमार यादवेंदु ने बताया कि फरार आरोपी अजय कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि ड्यूटी में लापरवाही के मामले में चौकीदार कैलाश शर्मा के खिलाफ नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हाजत से हथकड़ी समेत आरोपी के फरार होने की घटना के बाद थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठे हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों के अलावा आरोपी के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां तलाश कर रही है।
Post a Comment