Top News

संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत, लूट के दौरान गला दबाकर हत्या की आशंका

बहादुरगंज। किशनगंज जिले के बहादुरगंज प्रखंड अंतर्गत नटुआपाड़ा पंचायत के रागिब टोला वार्ड संख्या 14 में मंगलवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव उसके घर से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

मृतका की पहचान 55 वर्षीय महजबी बेगम, पति मुजाहिर आलम के रूप में हुई है। बताया गया कि उसका पति लुधियाना में रोजगार करता है और सोमवार को महजबी बेगम घर में अकेली थी।

परिजनों ने आशंका जताई है कि लूट की वारदात के दौरान अपराधियों ने गला दबाकर महिला की हत्या कर दी। मृतका के देवर के अनुसार, करीब दो महीने बाद घर में बेटी की शादी होने वाली थी। बेटी को देने के लिए सोना खरीदकर रखा गया था। परिजनों का दावा है कि सोने समेत घर के अन्य सामान भी गायब हैं।

घटना की सूचना मिलने पर बहादुरगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा होने की संभावना है।

घटना के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post