Top News

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में दो दोस्तों की मौत, गांव में पसरा मातम

पोठिया थाना क्षेत्र के एसएच-77 पर नरहिया पेट्रोल पंप के समीप दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक ही बाइक पर सवार दो दोस्तों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पोठिया निवासी सुमित यादव, पिता बबलू यादव और आशीष यादव (21), पिता बांके यादव के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। वहीं, एक ही गांव के दो युवकों की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों दोस्त एक ही बाइक पर सवार होकर पोठिया की ओर से नरहिया पेट्रोल पंप की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान कुरसेला की ओर से मछली लादकर पोठिया आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

स्थानीय लोगों की मदद से सुमित यादव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), फलका ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, आशीष यादव को सीएचसी समेली पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। दोनों युवकों की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

**हेलमेट नहीं पहनने की बात आई सामने**

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल तीनों लोगों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस की जांच के बाद ही चल सकेगा।


घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। एक ही गांव के दो दोस्तों की असमय मौत से पोठिया में मातम पसरा हुआ है। शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने के लिए ग्रामीणों का उनके घर पहुंचना जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post