Top News

सौ वर्ष पूरे होने पर वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर में विशेष आयोजन, 351 कन्याओं ने निकाली कलश यात्रा


 कुरसेला प्रखंड के अयोध्यागंज बाजार स्थित प्रसिद्ध सार्वजनिक वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर के सौ वर्ष पूरे होने पर शताब्दी वर्ष के अवसर पर विशेष धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शारदीय नवरात्र की पहली पूजा के अवसर पर रविवार को 351 कुमारी कन्याओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए निर्धारित स्थल पर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंज उठा।

शताब्दी वर्ष को यादगार बनाने के लिए मंदिर में विशेष पूजा-पाठ, भव्य महाआरती सहित कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पूजा-अनुष्ठान के लिए बनारस से विद्वान पंडितों को आमंत्रित किया गया है। रविवार की शाम बनारस से आए पंडित ने विधि-विधान के साथ महाआरती की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और माता रानी के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

आयोजन के तहत 351 कुमारी कन्याओं को महाप्रसाद और श्रृंगार सामग्री प्रदान की गई। धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। मंदिर परिसर में दिनभर पूजा-अर्चना और भक्ति का माहौल बना रहा।

बताया जाता है कि अयोध्यागंज बाजार का सार्वजनिक वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर लंबे समय से क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। मंदिर के सौ वर्ष पूरे होने पर आयोजित विशेष कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शताब्दी वर्ष के आयोजन से क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post