Top News

दुर्गा पूजा को लेकर शांति समिति की बैठक, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध


 आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर आबादपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थानाध्यक्ष मोहम्मद सादाब की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक दलों के नेताओं और ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक में आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मोहम्मद सादाब ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों, मेला स्थलों और विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान डीजे पर प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, संदिग्ध गतिविधि या अशांति फैलाने की कोशिश की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही, शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

भाजपा नेता मिहिर मुखर्जी ने कहा कि शांति समिति की बैठक का उद्देश्य आपसी समन्वय से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। उन्होंने सभी लोगों से पूजा पंडालों और मेला स्थलों पर शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।

वहीं, भाजपा नेता नारायण पांडे ने कहा कि क्षेत्र के लोगों की मां दुर्गा के प्रति गहरी आस्था है। सभी श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना करनी चाहिए। उन्होंने लोगों से शराब और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर पूजा पंडाल, मेला या मंदिर में प्रवेश नहीं करने की अपील की। उन्होंने पूजा को सफल बनाने में स्थानीय लोगों की ओर से पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, आपसी भाईचारा बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में सहयोग करने का संकल्प लिया।

इस मौके पर जिला परिषद सदस्य आफताब ताज, सरपंच बायसु, अलाउद्दीन, सोपन कुमार साह, पूर्व मुखिया अब्दुल जब्बार, मुखिया नुरुल इस्लाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post